मेडिकल कॉलेज चंबा में 20 मरीजों के ऑपरेशन को लेकर प्रबंधन ने दी हरी झंडी्र
मुफ्त ऑपरेशन के लिए जिला कल्याण विभाग ने दिए हैं आठ लाख 20 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में अब 20 मरीजों के सफेद मोतियाबिंद के ऑपरेशन मुफ्त होंगे। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इसको लेकर हरी झंडी दे दी है।
शनिवार को इस मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बैठक आयोजित की। इसमें लटके हुए ऑपरेशन सोमवार से शुरू करने का निर्णय लिया गया। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि सामान न मिलने के कारण लटक गए थे। ऐसे मरीजों के ऑपरेशन करने के लिए जिला कल्याण विभाग ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को आठ लाख 20 हजार रुपये भी पिछले माह जमा करवाए हैं। बावजूद इसके मरीजों को पैसे देकर ऑपरेशन करवाने पड़ रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ ने मरीजों की समस्या को ध्यान में रखकर ऑपरेशन स्थगित कर दिए हैं। इस बारे में चिकित्सा अधीक्षक को भी अवगत करवा दिया है। यह भी मांग की थी कि मरीजों के ऑपरेशन के लिए जरूरी सामान शीघ्र खरीदा जाए ताकि मरीजों को ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। मरीजों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन हरकत में आया। सोमवार से ऑपरेशन शुरू करने की तैयारियां आरंभ कर दी हैं।
मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रवक्ता डॉ. माणिक सहगल ने बताया कि बैठक कर ऑपरेशन को शुरू करने का निर्णय लिया है। सोमवार से ऑपरेशन शुरू हो जाएंगे। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।