चंबा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। बिना पासिंग के वाहन दौड़ाने और जुर्माना न भरने पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) चंबा ने चार वाहन जब्त कर लिए हैं। इन वाहनों के मालिकों से विभाग को करीब एक लाख रुपये की वसूली करनी है।
आरटीओ चंबा राम प्रकाश ने बताया कि यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए की गई है, ताकि चालक नियमों का पालन करें। विभाग ने चालकों को जुर्माना भरने के लिए एक माह का समय दिया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। अब जब तक जुर्माना अदा नहीं किया जाएगा, वाहन नहीं छोड़े जाएंगे। देर होने पर अतिरिक्त जुर्माना लगेगा और संबंधित चालकों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। विभाग की इस सख्ती से अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया है।