हमीरपुर। जिला न्यायालय परिसर में दराट और दोनाली बंदूक लेकर हुड़दंग मचाने के मामले में गिरफ्तार पूर्व सैनिक को बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर मिली है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच करेगी। आरोपी बीते सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में दराट और लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर पहुंच गया था। आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
डीएसपी एवं पुलिस कर्मियों ने मौके पर आरोपी को काबू कर हथियार कब्जे में ले लिए। हुड़दंग मचाने पर मंगलवार को आरोपी को एसडीएम की अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई थी, लेकिन पुलिस ने अन्य धाराओं के तहत आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया था।
इस घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। आरोपी मुख्य गेट को पार कर पहली मंजिल पर पहुंच गया था। हैरानी की बात है कि इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर दाखिल हो गया।
वहीं, मौके पर डीएसपी हरीश गुलेरिया को हथियार सरेंडर करने के बजाय वह पुलिस से उलझ गया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच झड़प हो गई और पुलिस और आरोपी के कपड़े भी फट गए। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी को तीन दिन की रिमांड मिली है।