दोपहर एक बजे भड़की ग्राउंड फायर, चीड़ के पेड़ों और वन संपदा को नुकसान का आकलन
शरारती तत्वों पर आग लगाने का संदेह, वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। नकरोड़ बाजार के नीचे जंगल में शनिवार दोपहर आग की लपटें उठने से अफरातफरी मच गई। करीब एक बजे लगी आग ने जंगल के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने वन विभाग और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दोनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गईं। संयुक्त प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोकते हुए उस पर काबू पा लिया गया।
आग ग्राम पंचायत गडफरी के नकरोड़ गांव के जंगल में लगी थी। प्रारंभिक तौर पर इसके पीछे शरारती तत्वों की करतूत होने का संदेह जताया जा रहा है। ग्राउंड फायर से चीड़ के पेड़ों और अन्य वन संपदा को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फॉरेस्ट गार्ड नरेश कुमार ने बताया कि जंगल में ग्राउंड फायर हुई थी, लेकिन पेड़ों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। कर्मचारियों और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझा दी गई। फायर ऑफिसर नेगी राम ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने लोगों से जंगलों को आग से बचाने में विभाग का सहयोग करने की अपील की।