सुप्पा वार्ड में दोपहर से शाम तक धधकता रहा जंगल, ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने पाया काबू
प्रभावित परिवारों ने नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे या नए पौधे देने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। पूलन पंचायत के सुप्पा वार्ड में जंगल की आग बागवानों की सालों की मेहनत पर भारी पड़ गई। आग फैलकर सेब के बगीचों तक पहुंच गई और करीब 300 पौधे जलकर राख हो गए।
शनिवार दोपहर लगी आग पर वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर शाम करीब सात बजे काबू पाया। हालांकि, तब तक खेम, सुधीर, अश्वनी और गौतम समेत कई बागवानों के बगीचों को नुकसान पहुंच चुका था।
बताया जा रहा है कि जंगल में जिस जगह आग लगी, वहां मुख्य रूप से घास थी। तेज लपटें फैलते हुए आसपास के सेब के बगीचों तक पहुंच गईं और बड़ी संख्या में पौधे इसकी चपेट में आ गए। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीम को भी बुलाना पड़ा। इस घटना में वन क्षेत्र के साथ स्थानीय बागवानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
सुप्पा वार्ड के वार्ड पंच शशि कुमार ने कहा कि जंगल में हर साल आग लगने से ग्रामीणों और बागवानों को नुकसान झेलना पड़ता है, लेकिन प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता नहीं मिलती। उन्होंने प्रशासन से जले हुए पौधों के बदले उचित मुआवजा या नए सेब के पौधे उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को ग्राम सभा की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन ने बताया कि आग बुझाने के अभियान में वन विभाग की टीम के साथ करीब 70 ग्रामीण जुटे रहे। सभी के प्रयासों से शाम सात बजे आग पर काबू पाया गया।