चंबा। गणतंत्र दिवस पर ऐतिहासिक चंबा चौगान में होने वाले जिला स्तरीय समारोह में पहली बार वन विभाग की टुकड़ी भी कदमताल करती नजर आएगी।
परेड में पुलिस, गृहरक्षक जवानों के साथ एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भी हिस्सा लेंगे। गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार वन विभाग की टुकड़ी शामिल होने से वनरक्षकों में खुशी की लहर है। जिलास्तरीय कार्यक्रम में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे और परेड की सलामी लेंगे। पुलिस, वन विभाग और गृह रक्षक वाहिनी के महिला-पुरुष जवानों की टुकड़ियां गृहरक्षक बैंड की धुन पर कदमताल करेंगी।
वन विभाग की टुकड़ी का नेतृत्व प्लाटून कमांडर डिप्टी रेंजर सुरेश कुमार करेंगे। चार महिलाएं और 17 पुरुष इस टुकड़ी में शामिल होंगे। इनमें वन रक्षक तनु कुमारी, दीपिका, ज्योति और वंदना, नवीन ठाकुर, उमेश कुमार, कमलेश कुमार, रोहित कुमार, गजेंद्र, हर्ष जसरोटिया, देवी सिंह, मनजीत कुमार, विनोद कुमार, रोहित कुमार, विनोद कुमार, मनीष कुमार, उमेश कुमार, विनय, विशाल, सुनील कुमार और अभिषेक शामिल हैं।
उधर, डीएफओ चंबा कृतज्ञ शर्मा ने बताया कि पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में वन विभाग की टुकड़ी भी भाग लेगी। इसमें डिप्टी रेंजर टुकड़ी का नेतृत्व करेंगे। 21 सदस्यों की इस टुकड़ी में चार महिलाएं और 17 पुरुष वनरक्षक शामिल रहेंगे।