चंबा। जिले में भारी बारिश के बाद खस्ताहाल हुए स्कूल भवनों में विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने के लिए मजबूर हैं। जर्जर हो चुके भवनों की मरम्मत के लिए अभी तक बजट का प्रावधान नहीं हो पाया है। गत माह भारी बारिश के कारण जिल के 24 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भवनों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते इन भवनों में पढ़ाई करना खतरे से खाली नहीं है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन की ओर से भवनों में हुए नुकसान की रिपोर्ट भी शिक्षा विभाग को भेज दी गई है। बावजूद, इसके भवनों की सुध को लेकर अभी तक कदम नहीं उठाए जा सके हैं। गौरतलब है कि गत माह जिले में भारी बारिश से 24 स्कूलों की चहारदीवारें और शौचालय काफी खस्ताहाल हो चुके हैं। इतना ही नहीं, कमरों में मलबा भी घुस चुका है। वहीं कई भवनों की दीवारों में भी दरारें आ चुकी हैं। इससे अभिभावक बच्चों को खस्ताहाल स्कूलों में भेजने से डर रह हैं। शिक्षा विभाग की ओर से तर्क दिया जा रहा है कि एक माह पहले बजट का एस्टीमेट बनाकर उच्चाधिकारी को अवगत करवा दिया गया है। बावजूद, इसके अभी तक बजट का प्रावधान नहीं हो पाया है। इन स्कूलों में 200 से 300 विद्यार्थी शिक्षा अर्जित कर रहे हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि इसके बारे में जिला प्रशासन और उच्चाधिकारी को अवगत करवा दिया है।