चंबा में जंगल की आग के कारण पर्यावरण में फैला धुंआ।संवाद
मंगला (चंबा)। पंचायत ओड़ा के गांव मंघानी के जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। सूखी घास और तेज हवा के कारण तेजी से फैली आग रिहायशी इलाके के नजदीक जा पहुंची। इससे ग्रामीण भयभीत हो उठे। आग की लपटें जैसे ही घरों के पास पहुंचीं तो ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। लोग बाल्टियों, पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए।
रमेश कुमार, किशोरी लाल, मदन कुमार और रतन चंद ने कहा कि आग से उठे घने धुएं ने पूरे इलाके को चपेट में ले लिया। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। तेज गर्मी और लपटों की तपिश ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी। लोगों ने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि जंगलों की निगरानी कर जंगलों को आग की चपेट से बचाया जाए। संवाद