चंबा। बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में बेहतरीन अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावियों को अब उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल सम्मानित करेंगे। इन मेधावियों को उपायुक्त के साथ बैठकर काॅफी पीने का मौका मिलेगा। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें गत दिनों जारी हुए परिणाम में जिले के टॉप पांच मेधावियों के साथ उपायुक्त संवाद करेंगे। साथ ही प्रशासन और शिक्षा विभाग मिलकर इन मेधावी बच्चों को सम्मानित करेंगे। प्रशासन की ओर से इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करने का मकसद मेधावी बच्चों की सोच को जानना है।
उपायुक्त चैंबर में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी भाग लेंगे। गौरतलब है कि मेधावी बच्चों के सम्मान के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से समय समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इससे विद्यार्थियों का ज्ञानावर्धन होता है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि उपायुक्त के साथ बारहवीं कक्षा के पांच मेधावी मिलेंगे। इस दौरान उपायुक्त मेधावियों को सम्मानित भी करेंगे।