डलहौजी (चंबा)। डलहौजी छावनी में अब बिना मास्क घर से निकलने वाले व्यक्ति को 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। लोगों को बार-बार जागरूक करने के बावजूद कई लोग बिना मास्क अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा दुकानों में बिना मास्क सामान बेचने वाले दुकानदारों को भी जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, नो मास्क नो सर्विस का बोर्ड दुकानदारों को लगाना अनिवार्य किया गया है। इसकी अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
डलहौजी छावनी में यह निर्देश मुख्य अधिशासी अधिकारी राहुल गजभिये ने जारी किए हैं। उन्होंने अपने आदेशों में साफ किया है कि डलहौजी छावनी में अब कोई भी व्यक्ति बिना मास्क नजर नहीं आना चाहिए। बिना मास्क नजर आने वाले व्यक्ति पर सीधे तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
व्यक्ति को 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। दुकानदार भी अब पैसे कमाने के चक्कर में बिना मास्क आने वाले ग्राहकों को सामान नहीं बेच पाएंगे। ऐसा करने वाले दुकानदारों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छावनी के सभी नागरिकों से अपील की है कि कोई भी बिना मास्क छावनी में न घूमे।