चंबा। पुरानी पेंशन बहाल करने वाली सुक्खू सरकार का आभार समारोह लटक गया है।
जिला एनपीएस कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पहले सरकार बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दे, उसके बाद संयुक्त रूप से जिला स्तर पर आभार समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समारोह के आयोजन को लेकर बीते रविवार को महासंघ ने बैठक का आयोजन किया था। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के जिलाध्यक्ष सुनील जरयाल ने की। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के बाद ही अब जिला स्तर पर आभार समारोह का आयोजन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने महासंघ का भरपूर सहयोग दिया है। सरकार जैसे ही बोर्ड के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना की सौगात देगी, उसके बाद जिला स्तर पर आभार समारोह करवाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि बोर्ड के कर्मचारियों को राहत देते हुए पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। महासंघ ने सरकार से भी मांग की है कि जिला परिषद कैडर के तहत नियुक्त कर्मचारियों का विभागों में समायोजन किया जाए। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही कर्मचारियों को राहत देते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है, जबकि बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को इससे अभी तक वंचित रखा गया है।