लाहल के पास एक ही दिन में दो एचआरटीसी बसें खराब होने से परेशान रहे 60 यात्री
दूसरी बस का इंतजार करते समय पहाड़ी से पत्थर गिरे तो दहशत में आ गईं सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मंजिल तक पहुंचाने के पहले ही दो सरकारी बसें लाहल के पास यात्रियों को मुसीबत में छोड़ गईं। वीरवार को चंबा-भरमौर और होली-भरमौर रूट की दो एचआरटीसी बसें खराब हो गईं।
करीब 60 यात्री घंटों सड़क के किनारे खड़े होकर दूसरी बस का इंतजार करते रहे। इसी बीच, पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो गए। इससे यात्रियों की मुश्किल डर में बदल गई। कुछ पल ऐसे भी आए जब यात्रियों को लगा कि बस खराब होने से कहीं बड़ी आफत सामने खड़ी है। गनीमत रही कि पत्थरों की चपेट में आने से सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
दोनों बसों में करीब 30-30 यात्री सवार थे। यात्रियों में संजू कुमार, रोहित कुमार, अमर सिंह, जतिन कुमार और रमन शर्मा ने बताया कि दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे तो पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। वे पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। इससे यात्रियों में डर का माहौल पैदा हो गया।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी रूटों पर बसों की हालत पहले ही खराब है। बावजूद इसके निगम बेहतर हालत वाली बसें उपलब्ध नहीं करवा रहा है। बस खराब होने के बाद समय पर दूसरी बस की व्यवस्था न होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। यात्रियों ने निगम से पहाड़ी रूटों पर पुरानी बसों को हटाकर बेहतर हालत वाली बसें चलाने और खराब बसों के कारण बीच रास्ते में फंसने की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि दोनों बसों में तकनीकी खराबी आई है। मेकेनिकों को भेजा है बसों को जल्द दुरूस्त करवा दिया जाएगा।