टिकरेठी गांव आग की भेंट चढ़ी दुकान
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत धिमला के टिकरेठी में स्थानीय निवासी देशराज की दो दुकानें जलकर राख हो गईं। इन दुकानों में रखा किराना, जूते और स्टेशनरी सहित फ्रिज भी आग की भेंट चढ़ गया। यह घटना बुधवार देर रात की है। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आग की लपटों ने दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया।
हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अग्निकांड से करीब 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर लिया है। स्थानीय पंचायत प्रधान निशा देवी भी प्रभावित दुकानदार से मिलीं। उन्होंने प्रभावित को आश्वासन दिया है कि पंचायत की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता की जाएगी।