दो दिन से धधक रहा था जंगल, वन संपदा और वन्यजीवों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने भी संभाला मोर्चा
वन विभाग ने लोगों से जंगलों में आग न लगाने और कहीं भी आग दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पांगी वन मंडल के महरोट रिजर्व फॉरेस्ट में दो दिन से भड़की वनाग्नि पर वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर काबू पा लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई और उसे बुझाने में जुट गई।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी आगे आकर कर्मचारियों का सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों से जंगल को आग से बचाने में सफलता मिली।
आग बुझाने के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने बताया कि जंगलों में आग लगने से बहुमूल्य वन संपदा, वन्यजीवों और प्राकृतिक जैव विविधता को भारी नुकसान पहुंचता है। इससे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विभाग ने लोगों से जंगलों में आग न लगाने और जलती बीड़ी-सिगरेट या माचिस की तीली इधर-उधर न फेंकने की अपील की। साथ ही जंगल में आग दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते उसे फैलने से रोका जा सके। उधर, इस बारे में वन मंडल अधिकारी रवि गुलेरिया ने बताया कि महरोट रिजर्व फॉरेस्ट में लगी आग बुझाने में स्थानीय ग्रामीणों ने विभागीय कर्मचारियों का पूरा सहयोग किया।