शामधार वन बीट के जंगल में लगी आग, वनरक्षक ने बुझाई
चंबा। शहर के साथ लगती शामधार वन बीट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही वन रक्षक नरेंद्र कुमार सहित वन कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क के साथ सटे जंगल में लगी आग को बुझाने में कामयाबी हासिल की। गौरतलब है कि गर्मियों का मौसम शुरू होने के बाद अब जंगलों की आग के मामले भी सामने आने लगे है। वहीं, वन विभाग ने भी फील्ड की टीमों को निर्देश दिए हैं कि कहीं पर भी आग लगे तो वे उसे बुझाने के प्रयास करें। संवाद
लाइन टूटने से दो घंटे तक बंद रही बिजली
चंबा। शहर के सपड़ी मोहल्ला में बिजली लाइन टूटने के कारण बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड की टीम पहुंची। टीम ने मौके पर जाकर लाइन को दुरुस्त किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। सहायक अभियंता हंसराज चौहान ने बताया कि इस बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर जाकर लाइन दुरुस्त की। संवाद
शैक्षणिक सत्र शुरू, बच्चाें ने की प्रार्थना
चंबा नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद अब जिले के स्कूलों में रौनक लौट आई है। शुक्रवार को राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कियाणी में स्कूली विद्यार्थी पहुंचे। विद्यार्थियाें ने सर्वप्रथम प्रार्थना सभी की। इसके बाद कक्षाओं में पहुंचे। इसके अलावा प्रवेश लेने के लिए नौनिहाल अभिभावकों के साथ पहुंचे। गौरतलब है कि शुक्रवार को स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो पूरे माह जारी रहेगी। संवाद
मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में रंग-रोगन का कार्य शुरू
चंबा। पंडित जवाहर लाल मेडिकल कॉलेज चंबा के इमरजेंसी वार्ड को चकाचक करने का कार्य शुरू हो गया है। इमरजेंसी वार्ड में मजदूर रंग-रोगन के कार्य में जुटे हैं। हालांकि, इसके लिए प्रबंधन को काफी एडजस्ट करना पड़ रहा है। दो दिनों में यह काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद वार्ड में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं रहेगी। संवाद