पांच दिन की रिमांड पर भेजे चरस, नकदी के साथ गिरफ्तार चारों आरोपी
चंबा में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने नाके के दौरान गिरफ्तार किए थे चार आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने चारों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। चंबा-तीसा मार्ग पर कोटी में बुधवार देररात पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम नाके के दौरान वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इतने में चंबा से एक कार में सवार दो लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों के होश फाख्ता हो गए। टीम ने शक के आधार पर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनसे दो लाख 40 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद हुई। नकदी को लेकर दोनों स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए। लिहाजा, पुलिस के सख्ती करने पर उन्होंने चरस बेचकर नकदी मिलने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों से चरस के खरीदार का भी सुराग निकाल कर शहर के साथ लगते मोहल्ले में स्थित दुकान में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। इस दौरान मकान के भीतर दो अन्य व्यक्तियों से चरस और एक लाख 34 हजार 600 की नकदी पुलिस ने बरामद की। पुलिस ने चरस और नकदी से पकड़े लोगों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड खत्म होने पर एक बार फिर से उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
उधर, पुलिस विभाग की एएसपी शिवानी मेहला ने बताया कि चरस और नगदी संग दबोचे गए चारों आरोपियों को न्यायालय से पांच दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस अब उनसे और भी राज उगलवाने का प्रयास करेगी।