चंबा। मैडा से चकोतर संपर्क सड़क की खोदाई करने पर लोक निर्माण विभाग ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है। इन पर आरोप हैं कि इन्होंने सड़क पर 10 गहरे गड्ढे बना दिए हैं और तारकोल को भी उखाड़ दिया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु वर्मा ने पुलिस थाना किहार में आरोपी मान सिंह और राजिंद्र निवासी गांव डांड के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत दर्ज करवाई है। सहायक अभियंता हिमांशु वर्मा ने बताया कि जब वह सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां सड़क की हालत देख आश्चर्यचकित रह गए। समतल सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी।
वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि ये गड्ढे मान सिंह और राजिंद्र ने किए हैं। उन्होंने पुलिस विभाग से मांग की है कि दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच कर रही है।