मौसम बिगड़ने से पहले 20 तक मक्की समेट लें किसान
कृषि विभाग की किसानों को सलाह, बारिश में भीगने से खराब हो सकती है फसल
इस बार पैदावार में भी कमी, ऊपरी क्षेत्रों में कटाई पूरी, निचले इलाकों में किसान जुटे
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। खेतों में तैयार मक्की को समेटने के लिए किसानों के पास अब ज्यादा समय नहीं है। मौसम में बदलाव और बारिश की आशंका के बीच कृषि विभाग ने किसानों को 20 अक्तूबर तक कटाई पूरी करने की सलाह दी है।
जिले के ऊपरी क्षेत्रों में मक्की की कटाई पूरी हो चुकी है, जबकि निचले इलाकों में किसान फसल समेटने में जुटे हैं। इस बार पैदावार में कमी से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
मक्की की फसल तैयार होने के बाद खेतों में अधिक समय तक छोड़ना नुकसानदायक हो सकता है। बारिश होने पर फसल भीगने से उसे सुरक्षित रखने और सुखाने में परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में किसानों के लिए समय रहते कटाई पूरी करना जरूरी है। विभाग ने किसानों को मौसम पर नजर रखने और उपलब्ध समय का सदुपयोग करने की सलाह दी है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसान 20 अक्तूबर से पहले मक्की की कटाई पूरी कर लें। कटाई के बाद फसल को खुले में न छोड़ें। बारिश की आशंका को देखते हुए मक्की को तिरपाल या अन्य सुरक्षित आवरण से ढककर रखें, ताकि फसल को भीगने से बचाया जा सके।
इस बार पैदावार में कमी के बीच किसानों के लिए तैयार फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाना अहम है। समय पर कटाई और उचित रखरखाव से मौसम की मार से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।