भरमौर (चंबा)। एनएच बंद होने के कारण मरीज को अस्पताल पहुंचाने की जल्दी में परिजन उसे पीठ पर उठाकर रावी नदी को पार करके दूसरी तरफ ले गए। यहां से उसे निजी वाहन करके अस्पताल पहुंचाया गया। मरीज का नाम पता तो नहीं चल पाया लेकिन, जब तीमारदार उसे रावी नदी के रास्ते पीठ पर उठाकर ले जा रहे थे तो लोगों ने बताया कि बीमार को अस्पताल पहुंचाने के लिए ये लोग इतना जोखिम उठा रहे हैं। महिला और पुरुष का बीमार युवक को अपनी पीठ पर उठाकर रावी नदी पार करने का वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है। इसने जिले में आपदा प्रबंधन की पोल खाेलकर रख दी है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग ही यदि एक दिन में बहाल नहीं हो सकता है तो अन्य संपर्क मार्गों को ऐसी परिस्थिति में बहाल होने में कई दिन लग जाएंगे।