चुराह (चंबा)। तहसील चुराह के गांव भड़सर में एक परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई। इसमें परस राम (52) पुत्र देविया, उनकी पत्नी और बेटा और बहू घायल हो गए। पुलिस को दी गई शिकायत में परस राम ने बताया कि उनका चचेरा भाई डिनू राम बिना किसी कारण उनकी पत्नी कशीरू के सिर पर डंडे से हमला करने लगा। उसे रोकने पर डिनू राम के बेटे सुरेंद्र कुमार, भोलू, शाम लाल और उनकी पत्नी पानो ने मिलकर उनके, पत्नी कशीरू, बेटे सिंह राम और बहू प्रभी के साथ मारपीट की।
घटना में परस राम और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें सिविल अस्पताल तीसा में प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां रिपोर्ट में चिकित्सकों ने परस राम की चोट को गंभीर बताया। वहीं, बेटे और बहू को भी चोटें आईं हैं। पुलिस ने परस राम की शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और बयान दर्ज करने बाद उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।