चंबा। जिले में उचित मूल्य की दुकानों को खोलने का समय निर्धारित कर दिया गया है। उपायुक्त डीसी राणा ने यह आदेश उपभोक्ताओं को समय पर राशन और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, एनएफएसए और अन्य योजनाओं के तहत दिए जा रहे राशन को सुचारु रूप से वितरित करने के लिए जारी किए हैं। डीसी की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक जिले में उचित मूल्य की दुकानें सुबह 10 से लेकर शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी।
इसी बीच दोपहर एक से दो बजे तक एक घंटे का भोजन अवकाश रहेगा। रविवार के दिन गर्मियों में सभी उचित मूल्य की दुकानें सुबह साढ़े नौ से साढ़े छह बजे शाम तक और सर्दियों में सुबह साढ़े नौ से शाम छह बजे तक खुली रहेंगी। जबकि हर सोमवार को उचित मूल्य की दुकानें बंद रहेंगी। डीसी ने उचित मूल्यों की दुकानों के विक्रेताओं को खाद्य वस्तुओं के वितरण में कोविड-19 को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से जारी किए गए सभी दिशा निर्देशों की अनुपालना को सुनिश्चित बनाने के लिए कहा है।