डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी के नागरिक अस्पताल में आंख के मरीजों के ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं। इस वजह से मरीज परेशान हैं।
नागरिक अस्पताल डलहौजी से सरकार ने नेत्र रोग विशेषज्ञ को पदोन्नति देकर चंबा मेडिकल में चिकित्सा अधीक्षक बना दिया है। उनके स्थान पर अभी तक दूसरे नेत्र विशेषज्ञ की तैनाती नहीं की गई है। इस वजह से नेत्र रोगियों को अपनी आंखों की बीमारी का इलाज करवाने के लिए भटकना पड़ रहा है। दो दर्जन पंचायतों के मरीज अपनी आंखों का इलाज करवाने के लिए डलहौजी अस्पताल में पहुंचते हैं। जबसे नेत्र रोग विशेषज्ञ स्थानांतरित हुए हैं, तबसे से यहां नेत्र रोगियों का इलाज थम गया है।
लोगों में अशोक कुमार, हंसराज, केवल, सुरेंद्र, मान सिंह, योग राज, कमलेश और रवि कुमार ने बताया कि पर्यटन नगरी डलहौजी विश्व भर में विख्यात है। ऐसे पर्यटन स्थल में रोजाना देश-विदेश के सैलानी घूमने के लिए पहुंचते हैं। इतने बड़े पर्यटन स्थल के नागरिक अस्पताल में नेत्र रोगियों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। जब भी किसी अधिकारी का तबादला होता है तो उसके स्थान पर दूसरी तैनाती की जाती है, लेकिन डलहौजी अस्पताल में तैनात वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ को पदोन्नत करने के उपरांत दूसरी तैनाती नहीं की गई है। डलहौजी से 70 किलोमीटर की दूरी तय कर मरीजों को अपना इलाज करवाने के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विशाल महाजन ने बताया कि डलहौजी में रिक्त नेत्र रोग विशेषज्ञ का पद भरने के लिए जल्द ही सरकार से बात की जाएगी।