चंबा एसडीएम कार्यालय में मिंजर को लेकर बैठक के दौरान स्थानिय दुकानदार और अन्य।संवाद
चंबा। मिंजर मेले के अधिकारिक तौर पर संपन्न होने के बाद किसी भी शर्त पर अस्थायी मार्केट को आगे बढ़ाने की समयावधि प्रदान न की जाए।
इससे स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। यह बात व्यापार मंडल के प्रधान वीरेंद्र महाजन ने नागरिक उपमंडल अधिकारी चंबा के समक्ष मिंजर मेला तहबाजारी कमेटी की बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि हर वर्ष देखने को मिलता है कि जब मिंजर मेला समाप्त होता है तो कोई न कोई बहाना बनाकर अस्थायी मार्केट को आगे बढ़ा दिया जाता है। इसका सीधा प्रभाव स्थानीय दुकानदारों के धंधे पर पड़ता है। अस्थायी मार्केट में लोग सस्ता सामान समझकर जमकर खरीदारी करते हैं। स्थानीय दुकानदारों में रखा बेचने के लिए सामान धरा का धरा रह जाता है। इसलिए उन्होंने व्यापार मंडल की तरफ से प्रशासन से मांग की है कि मिंजर मेला के संपन्न होते ही तुरंत अस्थायी मार्केट को हटा दिया जाए। संवाद