चंबा। जिले के शीतकालीन स्कूलों में जमा दो कक्षा (विज्ञान संकाय) की प्री बोर्ड परीक्षाएं 16 नवंबर से शुरू होगी। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग ने शेड्यूूल जारी कर दिया है। 16 नवंबर से शुरू होने वाली प्री-बोर्ड परीक्षाओं का समापन 23 नवंबर को होगा। विभागीय आदेशों के मुताबिक स्कूलों को विज्ञान संकाय के चारों विषयों के प्रश्न पत्र उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
उन्होंने शीतकालीन सत्र के समस्त स्कूलों को आदेश दिएं हैं कि इन परीक्षाओं का आयोजन उचित ढंग से किया जाए। गौरतलब है कि जनवरी माह में इन स्कूलों में छुट्टियां होंगी। ऐसे में जनवरी में इन स्कूलों में परीक्षाओं का आयोजन नहीं हो पाएगा।
ऐसे में विभाग ने पहल करते हुए नवंबर माह में ही इन परीक्षाओं का आयोजन करने का निर्णय लिया है। इससे छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि ग्रीष्मकालीन स्कूलों की यह परीक्षा जनवरी माह में निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक ही होंगी।
यह रहेगा प्री बोर्ड परीक्षा शेड्यूल
16 नवंबर को फिजिक्स, 19 नवंबर को केमिस्ट्री, 22 नवंबर को बायोलॉजी और 23 नवंबर को गणित विषय की प्री-बोर्ड परीक्षा होंगी। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को तय शेड्यूल के मुताबिक ही यह आयोजन करने के आदेश दिए हैं।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा देवेंद्र पॉल ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शीतकालीन सत्र के स्कूलों के लिए जमा दो विज्ञान संकाय की प्री-बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षाएं 16 नवंबर से शुरू होंगी व 23 नवंबर तक चलेगी।