चंबा। जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी हो रही है। अस्पताल में निशुल्क लगाए जाने वाले जरूरी इंजेक्शन तक उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों को 10 से 20 रुपये तक की कीमत वाले इंजेक्शन बाजार से खरीदने पड़ रहे हैं, इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पेटदर्द, उल्टी और बुखार जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं में इस्तेमाल होने वाले डिक्लो, ऑनसेट और पैरासिटामोल इंजेक्शन का भी अस्पताल में अभाव है। जिले के दूरदराज क्षेत्रों से उपचार करवाने आ रहे मरीजों को दवा न मिलने पर बाजार का रुख करना पड़ रहा है। शहर के प्रबुद्धजनों सुरेश कश्मीरी, संदीप कुमार, शादी लाल शर्मा, डॉ. डीके सोनी और जसवीर नागपाल ने अव्यवस्था पर चिंता इजताई। उन्होंने बताया कि जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतर चुकी हैं। छोटी से छोटी दवाइयों के लिए भी बाजार पर निर्भर रहना पड़ता है। लोगों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से इस ओर ध्यान देने की अपील की।
केस स्टडी-1
चुराह निवासी हरीश कुमार ने बताया कि उनके बच्चे को लगातार बुखार आ रहा था। उपचार के लिए वह उसे मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने बच्चे को पैरासिटामोल इंजेक्शन लगाने की सलाह दी, लेकिन अस्पताल में यह उपलब्ध नहीं था। मजबूरन उन्हें बाजार से इंजेक्शन खरीदकर लाना पड़ा।
केस स्टडी-2
लिल्ह निवासी बिंता देवी ने बताया कि उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर वह उपचार करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। यहां उन्हें ऑनसेट इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाया। इसके चलते परिजनों को बाजार से इंजेक्शन खरीदना पड़ा।
केस स्टडी-3
खज्जियार निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उनके पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में दर्द था। उपचार के दौरान उन्हें डिक्लो इंजेक्शन भी बाजार से खरीदकर लाना पड़ा। उनका कहना है कि इतने बड़े स्वास्थ्य संस्थान में जरूरी इंजेक्शन उपलब्ध न होना चिंता का विषय है।
मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि संबंधित इंजेक्शनों की आपूर्ति के लिए ऑर्डर दे दिए गए हैं। जल्द ही इनकी उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी।