हरियाणा के विकास पहलवान ने जीती अंतिम माली, 11 हजार रुपये का पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्राम पंचायत जांघी के गांव राख में शंकरा युवक मंडल और कुश्ती मेला कमेटी राख के संयुक्त तत्वावधान में कुश्ती मेले का आयोजन किया गया। मेले में हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के करीब 150 पहलवानों ने भाग लेकर अपने दांव-पेच दिखाए। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
कुश्ती मेले में जिला परिषद करियां वार्ड के सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष राज सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि रहे। मंडल करिया भाजपा अध्यक्ष विनायक रैना और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंदन भी मौजूद रहे।
दंगल की अंतिम माली हरियाणा के विकास पहलवान और भरमौर के गरोला निवासी पहलवान विशाल के बीच हुई। रोमांचक मुकाबले में विकास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। विजेता को 11 हजार रुपये और उपविजेता को 7,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
मुख्य अतिथि राज सिंह ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के कुश्ती मेले आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों का मेलजोल बढ़ने के साथ स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने पारंपरिक मेलों और कुश्ती प्रतियोगिताओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
उन्होंने आयोजन के लिए 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। इस मौके पर सुशील सोनी, सुभाष चंद, उपप्रधान संजीव कुमार, महेश्वर सोनी, मनोज कुमार, मंजीत सोनी और हेमराज सहित अन्य आयोजक मौजूद रहे।