बनीखेत (चंबा)। बनीखेत के पधर मैदान में आयोजित भागवत देवी कथा में मंगलवार को महामंडलेश्वर कनकेश्वरी देवी ने प्रवचन दिए। उन्होंने श्रीकृष्ण और अर्जुन के बीच के संवाद का व्याख्यान किया। उन्होंने बताया कि जब अर्जुन ने श्रीकृष्ण से प्रश्न किया कि हे योग के परम स्वामी, कृपया मुझे अपनी दिव्य ऐश्वर्य का वर्णन कीजिए। जिनसे आप समस्त लोक में व्याप्त हैं और उनमें निवास करते हैं। हे योग के परम स्वामी, मैं आपको कैसे जानूं और आपका ध्यान कैसे लगाऊं? ध्यान करते समय, हे परम दिव्य व्यक्तित्व, मैं किन रूपों में आपका ध्यान लगाऊं। भगवान श्री कृष्ण अर्जुन को कहते हैं कि हे अर्जुन मैं सभी जीवों के हृदय में विराजमान हूं। मैं समस्त प्राणियों का आदि, मध्य और अंत हूं। हे अर्जुन, मुझे समस्त सृष्टि का आदि, मध्य और अंत समझो। विज्ञान में मैं आध्यात्मिकता का विज्ञान हूं और वाद-विवादों में मैं तार्किक निष्कर्ष हूं। 28 मार्च तक चलने वाले इस कार्यक्रम में संपूर्ण देवी भागवत कथा का व्याख्यान होगा।