भरमौर (चंबा)। बग्गा से भरमौर नेशनल हाईवे पर झवोल स्थित ढाई माता मंदिर के समीप रावी नदी के किनारे एनएच के मरम्मत कार्य में लगी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर मृत मिला है। यह मामला रविवार को सुबह के वक्त पेश आया। मृतक की पहचान चिनू सोरेन पुत्र वर्षा सोरेन निवासी ततैरिया, जिला डमरूहाट, झारखंड के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है। इंजीनियर की मौत गिरने से होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बग्गा से लेकर भरमौर तक इन दिनों हाईवे की मरम्मत का कार्य चला हुआ है। चिनू सोरेन कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत था। शनिवार को काम खत्म होने के बाद सभी कामगार और अन्य कर्मचारी त्रिलोचन के समीप स्थित अपने रिहायश में वापस चले गए। जबकि चिनू सोरेन ने अकेले आने की बात कही। देर शाम तक चिनू सोरेन के न पहुंचने पर अन्य कर्मचारी उसकी तलाश में कार्यस्थल की ओर निकले। लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं लग पाया। रविवार सुबह जब नेशनल हाईवे प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता कार्यस्थल के समीप पहुंचे तो रावी नदी के समीप उसका शव बरामद हुआ। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। साथ ही कामगारों से पूछताछ की। लेकिन किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही परिजनों को सूचना दे दी है। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि रावी नदी के समीप एक शव मिला है। पुलिस जांच कर रही है।