चंबा। शहर के कश्मीरी मोहल्ला में महिला सफाई कर्मी को कुत्ते ने नोच कर लहूलुहान कर दिया। जिसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। अन्य सफाई कर्मी जान बचाने के लिए लोगों के घरों की ओर भागे। इसको लेकर सफाई कर्मियों ने सिटी पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज करवाई है। कंचन, सुनीता और सुरेंद्र ने बताया कि वे मोहल्ले में सफाई करने जाते हैं। एक परिवार ने आवारा कुत्तों को अपने घर के बाहर पाल रखा है। जो कि वहां से गुजरने वाले राहगीरों पर झपट पड़ते हैं। परिवार इन कुत्तों को वहां रोजाना खाना डालता है। पहले भी उन्हें यह बताया गया कि कुत्ते काटने का प्रयास करते हैं लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। रविवार को जब मोहल्ले में सफाई कर रहे थे तो कुत्तों ने कंचन को नोच कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। उसकी चीख पुकार सुनकर अन्य लोग वहां पहुंचे और कुत्तों को भगाया। सफाई कर्मचारी का चंबा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सफाई कर्मचारियों ने पुलिस से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पालने वाले इस परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि सिटी पुलिस की टीम को निर्देश दिए गए हैं कि इस मामले में उचित कार्रवाई अमल में लाएं।