चंबा। जिले में ग्रामीण विकास विभाग के सामाजिक अंकेक्षण में कार्यरत 40 कर्मचारियों को 11 माह से वेतन की अदायगी नहीं हो पाई है। इसके चलते कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में स्थिति यह है कि ये कर्मचारी उधारी पर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से इसके लिए बजट का प्रावधान किया गया था लेकिन अधिकारियों ने कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था नहीं की।
कर्मचारियों योग सिंह, राज कुमार, केवल कुमार, योगी भारद्वाज, सीमा देवी, कांता देवी, राकेश ठाकुर, श्रेष्ठा देवी, सुरेंद्र कुमार, करतार सिंह, ओंकार सिंह और मनोज कुमार ने बताया कि वे विभाग के तहत जिला रिसोर्स पर्सन, खंड रिसोर्स पर्सन और विलेज रिसोर्स पर्सन के पद पर कार्यरत हैं। ब्लॉक रिसोर्स पर्सन को पांच सौ रुपये प्रतिदिन और विलेज रिसोर्स पर्सन तीन सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन की अदायगी की जाती है। जबकि जिला रिसोर्स पर्सन का वेतन निदेशालय की ओर से जारी किया जाता है। हैरानी की बात तो यह है कि अधिकारी अपना वेतन ले रहे है लेकिन शेष कर्मचारियों को समय पर वेतन की अदायगी नहीं की जा रही है। जिला रिसोर्स पर्सन के पद पर कार्यरत कर्मचारी पिछले आठ माह से वेतन का इंतजार कर रहे हैं जबकि अन्य कर्मचारियों को 11 माह से वेतन की अदायगी नहीं हो पाई है। डीआरडीए के परियोजना अधिकारी चंद्रवीर सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में नहीं है। कहा कि इसके बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।