वन निरिक्षण चौकी लक्कड़ मंडी के पास रस्सी के सहारे गाड़ियों को रोकते कर्मचारी।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। वन्य प्राणी विभाग की निरीक्षण चौकी लक्कड़ मंडी में सड़क पर वाहनों को रोकने के लिए मामूली रस्सी लगाई गई है जो एक छोर से दूसरे छोर पर लटकी रहती है। जब कोई वाहन सड़क से गुजरता है तो उस रस्सी को खींचकर उसे रोका जाता है। इस रस्सी को कोई भी वाहन आसानी से तोड़कर आगे निकल सकता है। हालात यह हैं कि वन्य प्राणी विभाग आज भी सदियों पुराने तरीके से रस्सी के बैरियर लगाकर वन तस्करी को रोकने का प्रयास कर रहा है जबकि लक्कड़ मंडी इलाका देवदार के पेड़ों के साथ-साथ विभिन्न प्रजाति के जानवरों से भरा पड़ा है।
ऐसे में वहां अवैध शिकार और वनों का अवैध कटान होने की काफी संभावना रहती है। इसके अलावा सर्दियों में जमींदोज हुए पेड़ों को भी वनकाटु उठाने की फिराक में रहते हैं। ऐसे में चौकी पर इस प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था लापरवाही का कारण बन सकती है। वन्य प्राणी विभाग के क्षेत्र में किसी भी प्राकृतिक संपदा को वहां से नहीं ले जाया जा सकता। ऐसे में वन्य प्राणी विभाग को भी वहां सतर्कता बरतनी चाहिए। स्थानीय लोगों अनिल कुमार, सुभाष, पृथी चंद और मदन लाल ने विभाग से मांग की है कि निरीक्षण चौकी में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। वन्य प्राणी विभाग के मंडलाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जल्द चौकी में लोहे के बैरियर लगाने की व्यवस्था की जाएगी।