आधा दर्जन के करीब पंचायतों में पिछले एक सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली चल रही है। इसके कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत गैहरा, पियूहरा, लेच, खुंदेल और बलोठ में पिछले एक सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली चल रही है। बिजली कभी आती है तो कुछ समय के बाद गुल हो जाती है। ऐसे में इन पंचायतों के गांव लुहाडा, जउआ, गैहरा, मलांठा, बढौर, खद्दल, छिल व खुंदेल में रहने वाले परिवारों को बिजली की परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों सुरेंद्र कुमार, पवन कुमार, मणी राम, सुरेश कुमार, महिंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, श्याम लाल, रविंद्र कुुमार और जोगिंद्र ने बताया कि इन पंचायतों में करीब एक सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली चल रही है जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी पेश आ रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या से लोग अपने घरों में इलेक्ट्रानिक उत्पादों का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। बिजली की आंख मिचौली से उनके बिजली के उपकरण खराब होने की संभावना बनी हुई है। रात के समय बिजली जाने से लोग ठंड से बचने के लिए हीटरों का भी फायदा नहीं ले पा रहे हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन पंचायतों में पेश आ रही बिजली की समस्या को जल्द से जल्द हल किया जाए। वहीं, विद्युत बोर्ड के जेई भिलो राम का कहना है कि इन पंचायतों में बिजली का कट लगने से ऐसी समस्या आ रही है। बिजली के कट खत्म होते ही समस्या खत्म हो जाएगी।