चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम ने 571 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी किए हैं।
बोर्ड प्रबंधन लंबे समय से बिजली बिल जमा न करवाने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। बोर्ड प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बिजली की खपत करने के बाद भी डिफाल्टर उपभोक्ता समय पर बिजली बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। इससे पेंडेंसी बढ़ती जा रही है। लिहाजा, ऐसे डिफाल्टरों को अब कदापि बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के मुताबिक बिजली बोर्ड प्रबंधन की ओर से 571 डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं से 36,58,238 की राशि बिजली बिल के रूप में वसूलनी है। हालांकि, इस राशि को निकलवाने के लिए बोर्ड ने कई बार हिदायतें भी दीं। चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन डिफाल्टर उपभोक्ताओं ने बोर्ड प्रबंधन के नोटिसों को अनदेखा ही किया। ऐसे में अब बोर्ड प्रबंधन ने इन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी कर दिए हैं। बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर बोर्ड की ओर से काटे जाएंगे और दोबारा इन कनेक्शनों को बहाल करवाने के लिए 250 रुपये का अतिरिक्त शुल्क उपभोक्ताओं को बोर्ड प्रबंधन को देना होगा। उसके बाद ही उनकी बिजली सप्लाई सुचारू होगी। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता हंस राज ने यह जानकारी दी। कहा कि 571 बिजली उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर बिजली कनेक्शन काटने संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं।