सिहुंता (चंबा)। विद्युत उपमंडल सिहुंता ने बिजली बिल जमा न करवाने वाले बिजली उपभोक्ताओं पर शिकंजा कस दिया है। बोर्ड ने बीस उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।
दूसरी तरफ 579 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाने के आदेश दिए हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर उपभोक्ता दी गई मोहलत में बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। बोर्ड के इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद उपभोक्ताओं से बिजली बिल की राशि निकलवाना है।
जानकारी के अनुसार बीस उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने पिछले छह माह से बिजली बिल की अदायगी नहीं की है। ऐसे में बोर्ड अब इन उपभोक्ताओं की कनेक्शन काटने की तैयारी में है। 579 उपभोक्ता वे हैं, जिन्होंने पिछले तीन माह से बिजली बिल जमा नहीं करवाया है। ऐसे में बोर्ड की लंबित राशि बढ़ती जा रही है। यह 10,13,786 रुपये हो गई है। बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर कटने के बाद उपभोक्ताओं को 250 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।
विद्युत बोर्ड सिहुंता के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि बीस उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी कर दिए हैं। 579 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर बिजली बिल जमा करवाने की हिदायत दी गई है।