चुवाड़ी (चंबा)। विद्युत उपमंडल चुवाड़ी के तहत दस डिफाल्टर उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा पसरने वाला है।
लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी न करने पर बोर्ड ने दस उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन स्थायी तौर पर काटने के निर्देश जारी कर दिए हैं। 126 उपभोक्ताओं को जल्द बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। इनसे बोर्ड ने 8,28,471 रुपये की राशि वसूल करनी है। इसके अलावा 38 उपभोक्ताओं के अस्थायी रूप से बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। अगर वे पैसा जमा नहीं करवाते हैं तो उनके मीटर भी अस्थायी तौर से उखाड़ दिए जाएंगे। इन निर्देशों से अन्य उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। हालांकि, बिजली बोर्ड की ओर से बार-बार बिजली बिलों की अदायगी करने को लेकर नोटिस जारी किए गए थ, लेकिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किए हैं। इसके चलते बोर्ड ने दस डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए उनके मीटर उखाड़ने के निर्देश जारी किए हैं। उपभोक्ताओं को दोबारा मीटर लगाने के लिए दो सौ पचास रुपये अदा करने पड़ेगे। शेष उपभोक्ताओं से बोर्ड ने हिदायत दी है कि जल्द बिजली का बिल कार्यालय में जमा करवाएं।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राकेश वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में 10 विद्युत उपभोक्ताओं के स्थायी विद्युत कनेक्शन काटे जाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा 38 विद्युत उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटे जाएंगे। 127 को नोटिस जारी कर बिजली बिल जमा करवाने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।