सिहुंता (चंबा)। क्षेत्र में बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत बोर्ड सिहुंता ने शिकंजा कस दिया है। बोर्ड की ओर से 101 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस जारी होने के बाद अब आगामी 15 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को अपना बिजली बिल जमा करवाना होगा। ऐसा न करने की सूरत में इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। जबकि, दोबारा कनेक्शन लेने के लिए 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क कार्यालय में जमा करवाना पड़ेगा। बोर्ड के निर्देशों के बाद उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक उपमंडल के 101 उपभोक्ताओं के पास बिजली बोर्ड की चार लाख की राशि बिल के रूप में फंसी हुई है। इनमें काफी उपभोक्ताओं ने पिछले 4-5 माह से बिजली बिल जमा नहीं करवाया है। ऐसे में इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी चल रही है। विद्युत बोर्ड सिहुंता के सहायक अभियंता कुलजीत परमार ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 101 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उपभोक्ताओं को बिजली बिल जल्द जमा करवाने के लिए कहा गया है। कहा कि अगर उपभोक्ता बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। लापरवाही के लिए उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।