खज्जियार सहित अन्य पंचायतों में 316 उपभोक्ताओं के खिलाफ होगी कार्रवाई
बोर्ड ने बिल के रूप में वसूलनी है 4.76 लाख की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात खज्जियार सहित अन्य पंचायतों में 316 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। इसके लिए बिजली बोर्ड ने अपने लाइनमैनों को आदेश भी जारी कर दिए हैं। इन उपभोक्ताओं से बिजली बोर्ड ने 4.76 लाख की राशि बिल के रूप में वसूलनी है। बिल का भुगतना करने में उपभोक्ता आनाकानी कर रहे हैं। इसको लेकर बिजली बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को नोटिस देकर सूचित भी किया लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं ने अपना लंबित बिल जमा नहीं करवाया। अब बोर्ड ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली है। साथ ही इस सूची को अपने लाइनमैनों को थमा दिया है। शुक्रवार से लाइनमैन अपने-अपने परिक्षेत्र में जाकर डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटना शुरू कर देंगे।
विद्युत उपमंडल चंबा-दो के क्षेत्र में आने वाले खज्जियार, चनेड़, सरोल, मरेड़ी और साहो में डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। इसमें अनुभाग खज्जियार के 64, चनेड़ के 68, सरोल के 117, मरेड़ी के 36 और साहो के 31 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। इन उपभोक्ताओं को अब दोबारा कनेक्शन लेने के लिए ढाई सौ रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी चुकाना होगा अन्यथा उन्हें बिना बिजली गुजारा करना पड़ सकता है।
डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी हो चुके हैं। लाइनमैन अब इन उपभोक्ताओं के घरों में जाकर कनेक्शन काटना शुरू कर देंगे। इससे जो भी परेशानी उपभोक्ताओं को होगी, उसके जिम्मेदार स्वयं उपभोक्ताओं की होंगे। अजय कुमार, सहायक अभियंता बिजली बोर्ड।