सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी बंज मोड़ में बिजली के तार पेड़ों को छू रहे हैं। बरसात और बर्फबारी में पेड़ों में करंट दौड़ने का खतरा बना हुआ है। यहां से पैदल जाने का मुख्य रास्ता है। ऐसे में लोग कई बार पेड़ों के नीचे आराम करने के लिए भी ठहरते हैं।
ग्रामीणों संजय कुमार, प्रेमराज, अवनेश कुमार, नरेश कुमार, मनु और भगत सिंह ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि बिजली के तारों को छू रहीं पेड़ों की टहनियों को काटा जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की घटना सामने न आए। बोर्ड के सहायक अभियंता अनिल रघुवंशी ने बताया कि बिजली के तारों को छूने वाली पेड़ों की टहनियों को शीघ्र काट दिया जाएगा।