मैहला (चंबा)। विकास खंड मैहला की गुवाड़ पंचायत के सरी गांव में बिजली के तार हादसे को न्योता दे रहे हैं। आलम यह है कि बिजली की तार ग्रामीणों के घरों को छूकर गुजर रहे हैं। इससे हर समय अनहोनी का अंदेशा बना रहता है। बरसात के दिनों में गांव में स्पार्किंग का खतरा भी बढ़ जाता है। इससे गांव के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बोर्ड से कई बार इन तारों को यहां से हटाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों मनु कुमार, भवानी, सोनू, मीनू कुमार, अनु कुमार, रमेश कुमार, सनी कुमार आदि ने बताया कि छह माह से बिजली बोर्ड को तारों को यहां से अन्यंत्र स्थानांतरित करने को लेकर अवगत करवा रहे हैं लेकिन अभी तक विद्युत बोर्ड की ओर से कार्यवाही नहीं की जा रही है। कहा कि इन बिजली के तारों को डंडे के सहारे बांधा गया है जहां बिजली के खंभे लगने चाहिए। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से मांग की है कि घरों को छूकर गुजरने वाले बिजली के तारों को अन्यंत्र स्थानांतरित किया जाए। आवश्यकतानुसार बिजली के खंभे लगाए जाएं और सूखे डंडों से बिजली के तारों को हटाया जाए। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता परवेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।