चंबा मेडिकल कॉलेज से टांडा ले जाते समय बाथरी के पास तोड़ा दम
भरमौर के संचूई गांव में पशु चराते समय हुआ था यह हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। उपमंडल भरमौर के संचूई गांव में ढांक में गिरकर घायल हुए 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक प्रिथो राम पुत्र किशोरी लाल गांव संचूई, डाकघर भरमौर के रहने वाले थे। वह घर के समीप पशुओं को चराने के लिए गए थे।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल भरमौर ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में भी चिकित्सकों ने उनका उपचार किया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें टांडा ले जा रहे थे। इसी दौरान बाथरी के समीप उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि ढांक से गिरकर घायल हुए बुजुर्ग की बाथरी के समीप मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज चंबा में करवाया गया है। संवाद