चंबा। घर के पास खेतों में मवेशियों को चरा रहे बुजुर्ग पर पड़ोसी के बेटों ने मुक्कों, लातों और लाठी से हमला कर लहूलुहान करने के आरोप लगे हैं। इतने पर भी उनका मन न भरा तो उन्होंने बुजुर्ग को लात मार कर नीचे खेत में फेंक दिया। इस हमले से बुजुर्ग के सिर, आंख के पास, पैर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। बुजुर्ग के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वे वहां से भाग गए। परिजनों ने घायल अवस्था में बुजुर्ग को उठाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस को सौंपी शिकायत में बुजुर्ग के बेटे तेज राज गांव कंडाला ने बताया कि सोमवार सुबह उनके पिता अपने मवेशियों को चराने के लिए घर के पास लगते खेत में गए थे। अचानक उनके पड़ोसी टेक चंद के बेटे संजय कुमार और विनोद कुमार वहां पर आ गए और बुजुर्ग पिता के साथ बहस करते हुए गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो विनोद कुमार ने खेत में पड़ी एक लाठी उठाई और उनकी गर्दन पर दे मारी और फिर धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर उन पर मुक्कों, लातों और लाठियों से वार कर दिया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों के थाने में बयान दर्ज करने के लिए तलब किया गया है।