चंबा। जिले में बारिश के कारण बाधित हुई यातायात और बिजली व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। भटियात में चार, जबकि सलूणी और डलहौजी में दो-दो मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है।
गत रात हुई बारिश के कारण भूस्खलन से सुबह इन मार्गों पर यातायात ठप हो गया था। विभागीय टीमों ने मलबा हटाकर मार्गों को वाहनों के लिए खोल दिया। वहीं, बारिश से चंबा मंडल में ठप पड़े पांच विद्युत ट्रांसफार्मरों को भी बहाल कर दिया गया है।
इससे करीब 25 गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई। जिला मुख्यालय को छोड़कर भटियात और सलूणी क्षेत्रों में दो दिनों से बारिश हो रही है, जिससे मार्ग बाधित हो रहे हैं। प्रशासन ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मशीनरी तैयार रखी है, ताकि मार्ग बंद होने पर उन्हें तुरंत खोला जा सके।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि संबंधित विभागों को बारिश के बाद तुरंत व्यवस्थाएं बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।