चंबा। जिले के कम प्राध्यापकों वाले कॉलेजों में भी अब विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। राजकीय महाविद्यालय चंबा में तैनात प्राध्यापक अब वर्चुअल माध्यम से इन कॉलेजों के साथ जुड़ेंगे। जो चंबा कॉलेज में पढ़ाई करवाई जाएगी, अन्य कॉलेजों में भी विद्यार्थी इससे सीधे ऑनलाइन जुड़ेंगे। शिक्षा निदेशालय की ओर से इसके बारे में पत्र जारी कर दिया गया है। साथ ही जल्द व्यवस्था बनाने के निर्देश संबंधित कॉलेजों को जारी कर दिए हैं।
हालांकि, चंबा कॉलेज में व्यवस्था काफी बेहतर है लेकिन अन्य कॉलेजों को व्यवस्था बनानी होगी। इसके बाद वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक राजकीय महाविद्यालय चंबा में अधिकतर प्राध्यापकों के पद भरे हुए हैं जबकि अन्य कॉलेज प्राध्यापकों की कमी से जूझ रहे हैं। अब निदेशालय की ओर से चंबा कॉलेज में तैनात प्राध्यापकों को इन कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को वर्चुअल माध्यम से पढ़ाने के बारे में निर्देशित किया गया है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और प्राध्यापकों की कमी भी नहीं खलेगी।
इन कॉलेजों में स्टाफ की कमी
जिले के राजकीय महाविद्यालयों भलेई, लचोड़ी, सलूणी और तेलका को सरकार ने शुरू तो कर दिया है लेकिन यहां पर्याप्त प्राध्यापक नहीं हैं। ऐसे में अब नई व्यवस्था के तहत ये विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़ पाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय चंबा के प्राचार्य डॉ. शिवदयाल शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि निदेशालय की ओर से इसके बारे में निर्देश जारी किए गए हैं।