चंबा मेडिकल कॉलेज की दूसरी मंजिल में उपचाराधीन बच्चे।
चंबा। जिले में छोटे बच्चे वायरल की चपेट में आकर बीमार हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज चंबा में रोजाना छाती जाम, बुखार सहित उल्टी से ग्रसित बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इन बच्चों की संख्या में रोजाना वृद्धि हो रही है। शिशु रोग ओपीडी में परिजन बच्चों को लेकर पहुंच रहे हैं। रोजाना चार से छह बच्चों को प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल में भर्ती भी किया जा रहा है जबकि दर्जनभर बच्चों को दवाई देकर घर भेजा जा रहा है। केवल गंभीर रूप से संक्रमित बच्चों को ही अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। बारिश और बर्फबारी होने के बाद सूखी ठंड भले ही खत्म हो चुकी है लेकिन, मौसम में हो रहे बार-बार बदलाव के कारण बच्चे वायरल की चपेट में आ रहे हैं। यही वजह है कि मेडिकल कॉलेज चंबा में बीमार बच्चों की संख्या में पिछले चार दिन में वृद्धि हुई है। इसी तरह नागरिक अस्पताल तीसा, भरमौर, किहार और चुवाड़ी में भी वायरल की चपेट में आने वाले बच्चों की संख्या बढ़ रही है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। बच्चों के इलाज के लिए वार्ड में जरूरी दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वार्ड और ओपीडी में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों समेत अन्य स्टाफ को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। मौजूदा समय में शिशु रोग वार्ड में 22 बच्चे वायरल की चपेट में आने से भर्ती हैं। मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉक्टर मानिक सहगल ने बताया कि वायरल की चपेट में आकर बीमार होने वाले बच्चों की संख्या बढ़ रही है। अभिभावकों को अपने बच्चों के स्वास्थ्य पर इन दिनों विशेष ध्यान देना चाहिए।