चंबा। रावी में वाहन समेत बहे बाप-बेटे की तलाश के लिए मंगलवार को पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। ड्रोन कैमरे के जरिये भी दोनों को तलाशने का प्रयास किया गया लेकिन, शाम तक उनका कुछ अता-पता नहीं लग पाया। गौरतलब है कि सोमवार सुबह चंबा-भरमौर मार्ग पर दुनाली के पास भूस्खलन की चपेट में एक कार रावी नदी में गिर गई थी।
उसमें सवार एक महिला का शव स्थानीय लोगों ने रावी नदी से दुनाली के पास निकाल लिया जबकि, बाप-बेटे का कोई भी सुराग नहीं लगा। रावी नदी में बहे बाप-बेटे की तलाश करने के लिए पुलिस, अग्निशमन और स्थानीय लोगों ने सर्च अभियान भी चलाया लेकिन लापता लोगों का कुछ पता नहीं लग पाया। मंगलवार को पुलिस ने चमेरा जलाशय के पानी को रुकवाकर भी उन्हें तलाश करने की कोशिश की। पुलिस ने ड्रोन के जरिये भी आसमान से रावी का चप्पा-चप्पा छाना गया। उसके बावजूद लापता लोगों का पता नहीं चल पाया। बुधवार को पुलिस फिर लापता लोगों को तलाश करने के लिए अभियान चलाएगी।
डीएसपी अभिमन्यु ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस पुरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। ड्रोन के जरिये दोनों को तलाशने का प्रयास किया गया। इसके अलावा चमेरा जलाशय का पानी रोककर भी नदी में सर्च अभियान चलाया गया लेकिन अभी तक लापता नहीं मिल पाए हैं।