चंबा। चालक यूनियन मांगों को लेकर 14 अक्तूबर को चंबा डिपो में गेट मीटिंग करेगी। चालकों ने 16 अक्तूबर को शिमला में धरना-प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया है।
चालकों का कहना है कि उन्हें 55 महीनों से रात्रि भत्ता और ओवरटाइम का पैसा नहीं मिला है। डीए और एरियर भी नहीं मिला है। इतना ही नहीं वर्ष 2017 में उपायुक्त ने चंबा डिपो में चालकों के रेस्ट रूम की मरम्मत को लेकर आठ लाख रुपये दिए थे, लेकिन रेस्ट रूम की मरम्मत आज तक नहीं हो पाई है। पैसे कहां इस्तेमाल हुए, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
चालक यूनियन के अध्यक्ष रमेश चंद, प्रधान हेम राज, ओम शंकर, उजागर सिंह, विजय सिंह, भूपेंद और विक्रम पाल ने कहा कि तीन दिन तक मंडी में हिमाचल के सभी चालक यूनियनों ने बैठक का आयोजन किया। उस दौरान अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कहा कि अब 14 को चंबा में गेट मीटिंग करेंगे। इसके बाद 16 को शिमला में धरना-प्रदर्शन करेंगे। उसके बाद भी उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो भूख हड़ताल की जाएगी।