चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान में चल रही राजकुमार ब्रिजेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान परोंठा की टीम ने खलानी को सात विकेट से हराया।
दिन के दूसरे मैच में खज्जियार की टीम ने मंगला को छह विकेट से पराजित किया। यह जानकारी प्रतियोगिता के आयोजन सचिव राजीव सहगल ने दी। उन्होंने बताया कि पहले मैच में मंगला की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 135 रन बनाए। इसमें रोहित ने सर्वाधिक 63 रन बनाए। नबू ने भी 18 रन का योगदान दिया। खज्जियार से आकाश ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खज्जियार की टीम ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें अनिल ने 55 और आकाश ने 34 रन बनाए। दूसरे मैच में खलानी की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 87 रन बनाए। इसमें रोहित ने 14 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परोंठा की टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। दोनों विजेता टीमों ने अगले दौर में प्रवेश किया।
युवाओं ने पिच पर उठाए सवाल
चौगान में चल रहे क्रिकेट मैच के दौरान युवाओं ने पिच पर सवाल उठाए हैं। बताया कि आयोजकों की ओर से पिच को सही तरीके से रोल नहीं किया गया है। ऐसे में गेंद असीमित उछाल ले रही है। एक युवक को मैच के दौरान चोटें भी लगी हैं। युवाओं में अजय कुमार, सुनील कुमार, अमित कुमार ने आयोजकों से आग्रह किया है कि समय रहते पिच को समतल किया जाए।