जलशक्ति विभाग कोलहड़ी नाला चमडोली से पानी उठाकर पहुंचाएगा सरू
फिल्टर टैंक में पानी साफ होने के बाद तीन पंचायतों के बाशिंदों को होगी आपूर्ति
विधायक प्राथमिकता के तहत प्रस्ताव बना जल शक्ति विभाग ने स्वीकृति को भेजा : सहायक अभियंता प्रवीण कांत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। उदयपुर, सरू और चिम्मा क्षेत्र के बाशिंदों को जल्द पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जलशक्ति विभाग ने क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई योजना तैयार की है।
इसके तहत कोलहड़ी नाला चमडोली से पानी उठाकर सरू पहुंचाया जाएगा। यहां बनाए जाने वाले फिल्टर टैंक में पानी को शुद्ध करने के बाद तीन पंचायतों के लोगों को पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
क्षेत्र में गर्मियों के दौरान पेयजल स्रोतों में पानी का स्तर कम होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार ग्रामीणों को पर्याप्त पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई योजना के सिरे चढ़ने के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। जलशक्ति विभाग ने विधायक प्राथमिकता के तहत योजना का प्रस्ताव तैयार किया है। विभाग की ओर से प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद योजना के तहत आवश्यक निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। कोलहड़ी नाला चमडोली से पानी उठाने के लिए आवश्यक ढांचा विकसित करने के साथ सरू में फिल्टर टैंक का निर्माण प्रस्तावित है। टैंक में पानी के शोधन के बाद इसे संबंधित पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा।
जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता प्रवीण कांत ने बताया कि उदयपुर, सरू और चिम्मा क्षेत्र की पेयजल समस्या को देखते हुए विधायक प्राथमिकता के तहत योजना का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। योजना के तहत कोलहड़ी नाला चमडोली से पानी उठाकर सरू पहुंचाने का प्रावधान है। फिल्टर टैंक में शोधन के बाद तीन पंचायतों के बाशिंदों को पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा।