चौगान नंबर दो में गड्डा खोदने के बाद टूटी पानी कई पाइप :संवाद
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की तैयारियों के बीच चौगान नंबर-दो में शुक्रवार को उस समय परेशानी खड़ी हो गई जब डोम लगाने के लिए की जा रही खोदाई के दौरान भूमिगत पेयजल लाइन टूट गई।
लाइन क्षतिग्रस्त होते ही पानी फव्वारों की तरह बहने लगा। कुछ ही मिनटों में चौगान परिसर के आसपास पानी जमा हो गया। मिंजर मेले के लिए अस्थायी डोम लगाने का कार्य चल रहा था। गड्ढा खोदते समय नीचे बिछी पेयजल लाइन चपेट में आ गई। पाइप टूटने के बाद पानी इतनी तेजी से बाहर निकला कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी रोकने के लिए कर्मचारियों ने तत्काल अस्थायी व्यवस्था करते हुए पाइपलाइन पर फट्टा लगाकर रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है। पिछले वर्ष भी मिंजर मेले की तैयारियों के दौरान चौगान नंबर-चार में गड्ढा खोदते समय मुख्य पेयजल पाइपलाइन टूट गई थी। उस समय भी काफी मात्रा में पानी बह गया था और जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई थी। संवाद