बड़ोह में पेयजल संकट, लित्याणु में बिजली गुल
हिमाचल किसान कांग्रेस चंबा ने बनाई रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल किसान कांग्रेस चंबा इकाई की बैठक डॉ. दिनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें इकाई उपाध्यक्ष ओपी रणहोतरा ने बंदर और सुअरों की ओर से फसलों को बर्बाद करने का मामला उठाया। ग्राम पंचायत बड़ोह में पीने के पानी की समस्या जबकि गांव लित्याणु, डिब्बर में बिजली ट्रांसफार्मर जलने के बाद बिजली बंद होने की समस्या का समाधान न होने की बात बताई। संगठन सचिव अमर सिंह ने विकास खंड सलूणी की सूरी पंचायत की सियूल नदी से उठाऊ पेयजल योजना के तहत जल संग्रहण टैंक का निर्माण न करने और इसके दिसंबर 2024 से बंद होने पर चिंता प्रकट की। उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। संगठन सचिव अमर सिंह ने कहा कि जल शक्ति विभाग पिछले दस वर्षों से ग्राम पंचायत सलूणी के वार्ड गुडेरा और कमलेड में लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करवा पाया है। इकाई सचिव रत्न चन्द ने बताया कि विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत सूरी के गांव सूरी में जल शक्ति विभाग की ओर से उठाऊ पेयजल योजना मंदराला से सूरी के तहत जल संग्रहण टैंक अभी तक नहीं बन पाया है। उपाध्यक्ष माधो राम ने बताया कि चुराह की संतेवा, चिल्ली के वार्ड सैरला में पानी रिसाव के कारण आना गांव के लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। बैठक में जनक राज ने रोष प्रकट किया कि महंगे बीज और खाद होने के कारण किसान परेशान हैं। किसान गरीब परिवार के बच्चे डिग्री कॉलेज मसरूंड बंद होने से उच्च शिक्षा से महरूम हो रहे हैं। ब्लॉक किसान कांग्रेस चंबा के अध्यक्ष चरण सिंह सोनी ने बताया कि किसानों की सहूलियत के लिए हरदासपुरा स्थित कृषि बीज केंद्र कई वर्षों से बंद है। बाजार से किसान बीज खरीदने के लिए मजबूर हैं। ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष यासीन मुहम्मद ने बताया कि पंचायत गडफरी में पीने के पानी की बिछाई पेयजल लाइन में भ्रष्टाचार हुआ है। सचिव सुरेश शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत दुर्गठी के वार्ड घुडैठ और फौटा में 11 केवी की बिजली लाइन पेड़ों से होकर गुजारी गई है।